महमूदाबाद (सीतापुर)। नगर पालिका अध्यक्ष के उपचुनाव के लिए शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी संजय वर्मा ने जोर-शोर के साथ अपना नामांकन परचा दाखिल किया। भाजपा प्रत्याशी बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों के साथ जुलूस की शक्ल में परचा दाखिल करने के लिए तहसील परिसर पहुंचे।
नामांकन से पूर्व भाजपा प्रत्याशी ने रामकुंड चौराहे पर स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। नामांकन जुलूस में मंत्री सुरेश राही, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा, विधायक आशा मौर्या, विधायक निर्मल वर्मा, मनीष रावत, जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, संतोष सिंह आदि उपस्थित रहे। शनिवार को भाजपा प्रत्याशी संजय वर्मा ने तीन सेट जबकि सपा से आमिर अरफात ने एक सेट में अपना परचा दाखिल किया। इनके साथ ही रमाशंकर वर्मा, नदीम अहमद, अतुल वर्मा व अम्बरीश गुप्त ने एक-एक सेट में अपना नामांकन परचा दाखिल किया। उपचुनाव के लिए अब तक चली नामांकन प्रक्रिया के दौरान 16 उम्मीदवार नामांकन परचा दाखिल कर चुके हैं।
बसपा-कांग्रेस को नहीं मिले प्रत्याशी
पालिका अध्यक्ष के उपचुनाव में बसपा और कांग्रेस की तरफ से किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया। लिहाजा 16 में से सिर्फ दो प्रत्याशी ही राजनीतिक दलों से जुड़े हैं। बाकी सभी ने बतौर निर्दलीय अपना परचा दाखिल किया है। बसपा से कई बार विधानसभा का चुनाव लड़ चुके मीसम अम्मार रिजवी ने पूर्व में निकाय चुनाव लड़ने की घोषणा कर नामांकन पत्र भी खरीदा लेकिन परचा दाखिल नहीं किया।