लहरपुर (सीतापुर)। बाराबंकी से लखीमपुर खीरी जा रही बारातियों से भरी एक बस लहरपुर कस्बे में पेड़ से टकरा गई। हादसे में बस में सवार पांच बाराती जख्मी हो गए। उनको सीएचसी लहरपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जाएगी।
सीतापुर-लहरपुर मार्ग पर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर के निकट सूरज कुंड मंदिर के सामने बाइक सवार युवक को बचाने के चक्कर में बाराबंकी से लोहटी बेहजम खीरी जा रही बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। बस टकराते ही चीख पुकार मच गई।
हादसे में बस पर सवार पांच बाराती घायल हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लहरपुर लाया गया। सीएचसी में उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। घायलों में भगवती सिंह, वीरपाल सिंह, पवन कुमार, नैमिष सिंह, रामबाबू सिंह शामिल थे।
खीरी जिले के बेहजम क्षेत्र के लोहटी गांव निवासी निर्मल सिंह के लड़के की बारात सोमवार को बाराबंकी गई थी। वहां से वापस जाते समय मंगलवार को लहरपुर कस्बे में हादसा हो गया। हादसे के बाद बस में सवार बाराती दूसरे वाहनों से चले गए। पुलिस भी खबर पाकर पहुंच गई थी।