तीन तमंचे, बंदूक, चाकू, मोबाइल, वैन व नकदी बरामद
थानगांव (सीतापुर)। थाना पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे पांच बदमाशों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने एक वैन सहित तीन देशी तमंचे, एक बंदूक, चाकू, कारतूस, मोबाइल व नकदी बरामद की है।
थाना प्रभारी राजेश राय ने बताया कि सोमवार की रात गांजर भवन मियापुरवा के निकट सुनसान इलाके में एक वैन खड़ी होने की सूचना मिली। खबर के मुताबिक, वैन में मौजूद बदमाश किसी बड़ी घटना की फिराक में थे।
इस पर पुलिस टीम के साथ उक्त स्थान की घेराबंदी कर बदमाशों को धर दबोचा गया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान प्रताप व कलऊ लोनिया निवासीगण शिवपुर देवरिया थाना सदरपुर, संतोष लोनिया निवासी मधवापुर थाना रेउसा, जमील निवासी सदरपुर, रंजीत निवासी अंगेठुवा के रूप में हुई है।
इनके पास से तीन देशी तमंचे, एक बंदूक, एक चाकू, तीन जिंदा कारतूस, 4600 रुपये की नकदी, पांच मोबाइल बरामद किए गए। यह बदमाश डकैती की योजना बना रहे थे। वैन को सीज कर बदमाशों को जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।