आठ मार्च को हुई थी बहन की शादी, उसे विदा करा ले जा रहे थे बाराबंकी
महमूदाबाद( सीतापुर)। बिसवां-महमूदाबाद मार्ग पर उस्मानपुर गांव के समीप सोमवार रात को एक कार सड़क पर खड़ी गन्ना लदी ट्रॉली में पीछे से घुस गई। इस हादसे में भाई-बहन व चालक की मौत हो गई। जबकि एक अन्य भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
दोनों भाई अपनी बहन को विदा कराकर जिला बाराबंकी अपने घर जा रहे थे। सूचना पाकर मौके पर पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जिला बाराबंकी के थाना रामनगर के खालसापुर निवासी पवन सिंह की बेटी अंजली की बीते आठ मार्च को सीतापुर के केशवपुर में शादी हुई थी।
ब्याह के बाद अंजली की यह पहली होली थी, इसलिए उमेश सिंह का बेटा अमित सिंह व भतीजा अंकित सिंह सोमवार को बाराबंकी निवासी कार चालक कृष्णा के संग अपनी बहन अंजली की विदाई के लिए सीतापुर गए थे। वहां से बहन अंजली को विदा कराकर कार से वापस अपने घर लौट रहे थे।
बिसवां-महमूदाबाद मार्ग पर उस्मानपुर के समीप उनकी कार सड़क पर खड़ी गन्ना लदी ट्रॉली में पीछे से घुस गई। ये हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार चार लोगों में अमित सिंह (40), उसकी बहन अंजली (23) व कार चालक कृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मृतक अमित का भाई अंकित सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है।