एक अन्य राहगीर को टक्कर मार बिजली के पोल से टकराकर पलटा
रामपुर मथुरा (सीतापुर)। थाना इलाके में शुक्रवार की शाम एक बेकाबू ट्रैक्टर-ट्राला ने सड़क किनारे बैठी बुजुर्ग महिला को रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्राला एक शख्स को टक्कर मारते हुए बिजली के पोल में टकराकर पलट गया।
हादसे में शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे महमूदाबाद अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। ट्रैक्टर चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस जांच कर कार्रवाई की बात कह रही है।
स्थानीय थानाक्षेत्र के सहरी गांव में रहने वाली मैना देवी (60) पत्नी रामनाथ शुक्रवार की शाम गांव के बाहर बकरी चरा रही थी। नहर पुल के पास सड़क के किनारे बैठी मैना देवी को बिना नंबर के बेकाबू ट्रैक्टर-ट्राला ने रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रैक्टर-ट्राला ने आगे जाकर रायपुर के पास अनवर को टक्कर मार दी। हादसे में अनवर घायल हो गया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्राला सड़क के किनारे लगे बिजली के पोल से टकराकर पलट गया। ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। चांदपुर चौकी इंचार्ज विष्णु शर्मा ने बताया कि घायल का इलाज महमूदाबाद के अस्पताल में किया जा रहा है।