- बुआ के निकाह में एक सप्ताह पहले मुंबई से घर आया था तौसीफ
- डुमरियागंज थाना क्षेत्र के पेंड़ारी मुस्तहकम में रविवार को राप्ती में नहाने के दौरान डूबने से हो गई मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के पेंड़ारी मुस्तहकम गांव निवासी सिराजुद्दीन ने सपने में भी नहीं सोचा था कि बहन के निकाह में शामिल होने जा रहे हैं, और पल भर में खुशियां गम में बदल जाएंगी। निकाह के दो दिन पहले बेटे की मौत ने सारी खुशियां मातम में बदल दीं।
सिराजुद्दीन की बहन का निकाह 14 मई मंगलवार को मुकर्रर है। निकाह में शामिल होने सिराजुद्दीन मुंबई से पत्नी व बेटों के साथ नौ मई को अपने गांव आया था। रविवार को दोपहर करीब दो बजे बड़ा बेटा तौसीफ (14) अपने साथियों के साथ घर से करीब तीन सौ मीटर दूर स्थित राप्ती नदी में नहाने चला गया। जहां नहाते समय तौसीफ का पैर फिसला और गहरे पानी में वह डूब गया। काफी खोजबीन के बाद बाहर निकाला गया। तब तक तौसीफ की मौत हो चुकी थी।
दो बेटों में सबसे बड़ा तौसीफ मुंबई के एक निजी स्कूल में कक्षा नौ का छात्र था। पिता के साथ पूरे परिवार को उस पर नाज था। पिता सिराजुद्दीन के अनुसार परिवार का यह बेटा भविष्य में कुछ अलग करने का माद्दा रखता था, जिससे परिवार का काफी चहेता बन गया था। मगर खुदा को कुछ और ही मंजूर था, कि जिस बुआ के निकाह में शामिल होने के लिए दो सप्ताह पहले से मुंबई में घर पहुंचा। वह निकाह देखने से पहले ही सुपुर्द-ए-खाक हो गया।
निकाह की खुशियों के बीच सारी तैयारियां मातम में बदल गई। सोमवार को पिता सिराजुद्दीन के साथ परिवार के लोग गम के माहौल में बहन के निकाह की तैयारी में जुटे रहे।