: दो दिन पूर्व लापता हुई थी पथरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती, मऊ स्थित महिला मित्र के घर से पुलिस ने ढूंढ़ निकाला
: दर्ज हुआ था गुमशुदगी का केस, परिजन के सामने भी शादी करने की जिद पर अड़ी रही
संवाद न्यूज एजेंसी
पथरा (सिद्धार्थनगर)। इंस्टाग्राम पर दो माह पहले हुई दोस्ती के बाद पथरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती अपनी महिला मित्र के साथ शादी करने की जिद पर अड़ गई। मामले दर्ज होने के बाद दो दिन पहले घर से लापता युवती को पुलिस ने मऊ की महिला मित्र के घर से ढूंढ़ निकाला। थाने पर भी वह पुलिस व परिजन के सामने जिद पर अड़ी रही। हालांकि परिजन के काफी समझाने के बाद वह घर जाने को राजी हो गई।
जानकारी के अनुसार पथरा थाना क्षेत्र के एक गांव की 20 वर्षीय युवती 23 जुलाई को बिना बताए घर से लापता हो गई। काफी तलाश के बाद परिजन ने उसी दिन थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने युवती के मोबाइल की लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की और उसे जनपद मऊ स्थित उसकी इंस्टाग्राम मित्र के घर से ढूंढ़ निकाला और शुक्रवार देर रात पथरा थाने ले आई। पुलिस ने परिजन को सूचना देकर थाने बुलाया। शनिवार सुबह जब परिजन थाने पहुंचे और युवती से घर चलने को कहा तो वह अपनी महिला मित्र के साथ विवाह करने की जिद पर अड़ गई। काफी देर तक परिजन और पुलिस के समझाने के बाद वह घर जाने के लिए तैयार हो गई।
थानाध्यक्ष ओम प्रकाश मिश्र ने बताया कि परिजनों की गुमशुदगी के आधार पर युवती को ढूंढ़ लिया गया है। समझा-बुझाकर उसे परिवार को सौंप दिया गया है।
दो माह पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती
बताया जाता है कि करीब दो माह पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से पथरा थाना क्षेत्र की युवती की पहचान मऊ जिले की 22 वर्षीय युवती से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई और वे साथ रहने और वैवाहिक जीवन बिताने की बातें करने लगीं। इसी दौरान युवती अपनी सहेली से मिलने मऊ चली गई थी, जहां से पुलिस ने उसे ढूंढ़ निकाला।