पहली बार मतदान कर उत्साहित नजर आए युवा
: सुबह से ही तैयार होकर बूथ पर पहुंचे युवा मतदाता जोश में दिखे
: जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्र में बूथों पर रही युवा मतदाताओं की भीड़
सिद्धार्थनगर। लोकतंत्र के महापर्व में पहली बार मतदान करने वाले युवा वर्ग के लोग बेहद उत्साहित नजर आए। विधानसभा चुनाव में जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे मतदाता बूथों पर पहुंचकर पहली बार मतदान करने की सुबह से तैयारी में जुटे रहे। उन्होंने बेहतर शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधा देने के साथ युवाओं को रोजगार का अवसर देने वाले प्रत्याशी को मतदान किया।
कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के मधुबेनिया बूथ पर पहली बार वोट डालने पहुंची सना परवीन, बर्डपुर में माया, बांसी क्षेत्र सूपा राजा में महेंद्र प्रताप चौधरी ने कहा कि बेहतर शैक्षिक सुविधा और आवागमन देने वाली सरकार चुनने के लिए मतदान किया। डुमरियागंज क्षेत्र के चौखड़ा में वर्षा पांडेय, मंजू कुमारी, नैनभरिया में शशिकला, सपनी सोनी ने कहा कि वह पहली बार मतदान करने के लिए बेहद उत्साहित थीं। बढ़नी के गांधी आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज स्थित बूथ पर पहली बार मतदान करने पहुंची अनुष्का शाही और तनुश्री ने कहा कि वह सुबह से ही तैयार होकर अपनी बारी के इंतजार में कतार में लग गई थी। उनका कहना था कि महिला सुरक्षा, विकास कार्यों के प्रति गंभीरता से कार्य करने वाली उनकी प्राथमिकता है। बांसी विधानसभा क्षेत्र के घोसियारी में मतदान करने पहुंची रजनी, मनीषा, छितौनी बूथ पर मतदान करने आईं पुष्पा, लोटन बूथ पर पहली बार वोट देने पहुंचीं मधु सिंह व सौम्या राय और जाफरजोत में अंजनी ने चुनाव में पहली बार मतदान करने पर बेहद उत्साहित दिखीं।
खुशी से लबरेज दिखे युवा वोटर
डुमरियागंज। क्षेत्र के ग्राम महुआ खुर्द स्थित प्राथमिक विद्यालय पर वोट करने आए युवा वोटर अखिलेश अग्रहरि, इंद्रजीत मौर्य तथा हरिश्चंद्र मोर्य व सुधीर शर्मा ने बताया कि अभी तक सुना था मतदान किया जाता है, आज मतदान करने के बाद पता चला कि मतदान कैसे होता है, उन्हें इस घड़ी का काफी समय से इंतजार था। युवा वोटरों ने बताया कि उन्होंने अपने वोट के जरिए स्वच्छ साफ-सुथरी छवि के जनप्रतिनिधि और अच्छी सरकार के लिए वोट किया है। आदर्श बूथ मॉडल हाई सेकेंडरी स्कूल हल्लौर पर मतदान करने आए युवा वोटर इमरान हैदर, अली मेहंदी, कुमेल रजा आदि भी मतदान करने को उत्साहित दिखे।