तुलसियापुर। मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के भैंसाही रेहरवा गांव के पास दो बाइक सवार आमने-सामने भिड़ गए, जिससे एक बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में कमाऊ पूत की मौत से पूरे परिवार में मातम पसर गया है।
ढेबरुआ थाना क्षेत्र के खैरी शीतल प्रसाद के रहने वाले महेश (19) पुत्र चिन्नू सोमवार को अपने एक मित्र के विवाह में बाइक से गोल्हौरा थाना क्षेत्र के अजगरा बरात जा रहा था। जैसे ही वह मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के भैंसाही रेहरवा गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार की बाइक से भिड़ंत हो गई। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस की सहायता से उसे जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक मृत महेश अपने माता-पिता के सात बच्चों (दो पुत्री व पांच पुत्र) में छठे नंबर पर था। वह मुंबई में पेंटिंग का काम करता था और अपने गांव के ही मित्र संदीप की शादी में शामिल होने के लिए पांच दिन पहले ही मुंबई से घर लौटा था। पुलिस ने लाश को पीएम के लिए भेज दिया है। घटना से पूरा परिवार दुखी हैं।
इस संबंध में मिश्रौलिया एसओ मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि लाश पोस्टमार्टम के लिए गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।