सिद्धार्थनगर। प्रदेश सरकार की ओर से माटीकला कारीगरों को प्रोत्साहित करने के लिए निशुल्क बिजली चालित चाक (इलेक्ट्रॉनिक चाक) उपलब्ध कराने की योजना चलाई जा रही है। पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक के उपयोग पर रोक के मद्देनजर इस योजना के तहत मिट्टी के उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गंगाधर दुबे ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए जनपद को 33 निशुल्क इलेक्ट्रॉनिक चाक देने का लक्ष्य मिला है। योजना का लाभ उन माटीकला कामगारों और शिल्पकारों को दिया जाएगा जो मिट्टी के बर्तन, खिलौने, मूर्तियां आदि बनाकर जीविकोपार्जन करते हैं। पात्रता के लिए आवेदक की आयु 18 से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
इच्छुक लाभार्थी 30 मई 2026 तक उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की वेबसाइट upmatikalaboard.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी निर्धारित तिथि तक जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, विकास भवन (द्वितीय तल) में जमा करना अनिवार्य होगा।