शादी के 16 दिन बाद सर्पदंश से युवक की मौत
बयारा। क्षेत्र के बनकटी में बृहस्पतिवार की रात सर्पदंश से युवक की मौत हो गई। 16 दिन से पहले ही युवक की शादी हुई थी। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
संदीप कुमार (22) बृहस्पतिवार रात अपनी छत पर लेटे थे। उसी दौरान रेंगते हुए आए सांप ने उसके कंधे में डंस लिया। सर्पदंश के बाद संदीप बैठ गए और देखा कि सांप जा रहा है। परिवार के लोगों ने संदीप को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी बेवां में भर्ती कराया।
वहां से डॉक्टर ने बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बस्ती में इलाज के दौरान हालत और बिगड़ता देख डॉक्टर ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान संदीप की मृत्यु हो गई।