घोसियारी। खेसरहा थाना क्षेत्र के घोसियारी-बेलौहा मार्ग पर पगारे गांव के पास रविवार रात करीब नौ बजे बरात जा रही बस की टक्कर से बाइक सवार कासिम (22) की मौत हो गई।
वह थाना क्षेत्र के कुनौना गांव का रहने वाला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को जानकारी दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार, कासिम पुत्र अब्दुल्ला चौधरी दो भाइयों में छोटा था। उसकी शादी अभी एक जून को ही क्षेत्र के फरीदाबाद गांव में हुई थी। शादी को तीन सप्ताह भी पूरे नहीं हुए थे कि सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। नवविवाहिता पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।
मृतक का बड़ा भाई रोजी-रोटी के सिलसिले में सऊदी अरब में रहता है जबकि पिता मुंबई में काम करते हैं। बेटे की शादी के कारण वह इन दिनों घर आए हुए थे। अचानक हुए हादसे से पूरा परिवार सदमे में है। थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र ने बताया कि बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।