लोटन। मोहाना थाना क्षेत्र के रसियावल खुर्द गांव में सोमवार को राजन दूबे (26) ने पत्नी से विवाद के बाद कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोटन में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उसकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रसियावल खुर्द निवासी राजन दूबे पुत्र शिव पूजन दूबे मुंबई में रहकर काम करता है। वह करीब एक सप्ताह पहले घर आया था। सोमवार पूर्वाह्न किसी बात को लेकर उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई। इसके बाद उसने कथित रूप से कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया।
युवक की तबीयत बिगड़ने पर उसकी पत्नी ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन तत्काल निजी वाहन से उसे सीएचसी लोटन ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, जिसके बाद उसकी हालत में सुधार होने लगा। परिजनों के अनुसार समय रहते अस्पताल पहुंचाने से युवक की जान बच गई। घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल बना रहा।
इस संबंध में मोहाना थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। पुलिस को अब तक कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।