सुरक्षा, समृद्धि और सुशासन की प्रतीक है योगी सरकार
- भाजपा सांसद व अभिनेत्री हेमा मालिनी ने सपा पर बोला हमला
- इटवा के तरहर में जनसभा को किया संबोधित
इटवा (सिद्धार्थनगर)। योगी सरकार सुरक्षा, समृद्धि और सुशासन की प्रतीक है। पूर्ववर्ती सरकार में प्रदेश में भय का माहौल था। आज हालात बदल गए हैं। लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ये बातें सांसद व अभिनेत्री हेमा मालिनी ने शनिवार को इटवा विधानसभा क्षेत्र के तरहर में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित जनसभा में कहीं। इस दौरान उन्होंने सपा पर जमकर निशाना साधा।
सांसद ने कहा कि अखिलेश यादव के गुंडाराज में प्रदेश की छवि पूरी दुनिया में खराब हो गई थी। आज प्रदेश में कानून का राज चलता है। इटवा विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए हेमा मालिनी ने कहा कि अखिलेश की सरकार के समय उद्योगपति यहां निवेश करने को तैयार नहीं होते थे। प्रदेश में भय, भूख और डर का माहौल था। योगी सरकार बनने के बाद माहौल बदल गया है। इस बार भी 300 पार का नारा देते हुए उन्होंने जनता के बीच जोश भरने का काम किया और भाजपा उम्मीदवार को भारी मतों से जिताने की अपील की। इस दौरान डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी, जिलाध्यक्ष गोविंद माधव, गौरव मिश्र, सुजाता सिंह, प्रदीप कसौधन, ज्ञान सिंह, लवकुश शुक्ल, केशव सिंह, राजेंद्र दुबे, बलराम मिश्र आदि मौजूद रहे।
काला नमक चावल का जिक्र करना नहीं भूलीं
अपनी खुशबू और स्वाद के लिए पूरी दुनिया में मशहूर सिद्धार्थनगर के काला नमक चावल का जिक्र करना हेमा मालिनी नहीं भूलीं। बताया कि एक वर्ष पूर्व वह कपिलवस्तु महोत्सव में हिस्सा लेने आई थीं। तब यहां से काला नमक चावल ले गई थीं, जो उन्हें बहुत पसंद आया।