मारपीट में घायल महिला की मौत, चार पर केस
जोगिया। कोतवाली क्षेत्र के उदयपुर गांव मारपीट में घायल हुई वृद्ध महिला की गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। दो दिन से महिला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने चार पर गैर इरादतन हत्या के आरोप में केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
जोगिया कोतवाली क्षेत्र के उदयपुर गांव निवासी भानमती (65) पत्नी शंभू बहन प्रेमशीला के साथ गांव में ही रहती थीं। आरोप है कि शनिवार को जमीन के एक हिस्सा के लिए कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते मारपीट होने लगी। आरोप है कि प्रेमशीला और उसके पुत्र नीरज ने मारपीट शुरू कर दी। इसमें भानमती गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने घायलावस्था में उनको जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां उनका इलाज चल रहा था। इस दौरान हालत नाजुक होने के बाद रविवार शाम चिकित्सकों ने उनको गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही घायल महिला की मौत हो गई। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में एसओ जोगिया दिनेश कुमार सरोज ने बताया कि घटना के बाद मारपीट का केस दर्ज किया गया था। मौत के बाद धारा तरमीम करते हुए गैर इरादतन हत्या का चार लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।