पथरी का ऑपरेशन कराने के लिए गई थी महिला
जांच में जुटे ढेबरुआ थानाध्यक्ष और बढ़नी पीएचसी अधीक्षक
ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी कस्बे का बताया जा रहा है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
ढेबरूआ। बढ़नी कस्बे के पचपेड़वा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में सोमवार की शाम एक बुजुर्ग महिला की पथरी का ऑपरेशन करने दौरान मौत का मामला सामने आया है। मौत होने के बाद अस्पताल संचालक फरार हो गया। परिवार की सूचना पर मौके पर पहुंचे ढेबरुआ थानाध्यक्ष शशांक कुमार सिंह और बढ़नी पीएसची अधीक्षक डॉ. अविनाश चौधरी जांच में जुट गए। वहीं, इस मामले में बुजुर्ग महिला के परिजन की ओर कोई तहरीर नहीं दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, इटवा थाना क्षेत्र के करहिया गोसाई गांव निवासी ताबरुल (80) के परिजन बढ़नी कस्बे के पचपेड़वा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज कराने के लिए कुछ दिन पहले आए थे। जहां चिकित्सकों ने महिला को पथरी बताया था। महिला पहले से हृदय रोग से ग्रसित थी। महिला को शुक्रवार को पथरी के ऑपरेशन के लिए भर्ती कर लिया गया।
सोमवार शाम को महिला का ऑपरेशन किया गया। उसी दौरान महिला की मौत हो गई। उसके बाद अस्पताल संचालक सहित डॉक्टर और अन्य स्टॉप में हड़कंप मच गया और अस्पताल में पहले से अन्य भर्ती मरीजों को दूसरे जगह शिफ्ट कर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही ढेबरुआ थानाध्यक्ष शशांक कुमार सिंह अस्पताल में पहुंच कर जांच में जुट गए। उसके बाद जब पीएचसी अधीक्षक डॉ. अविनाश चौधरी को जानकारी मिली तो आनन-फानन में पहुंचे, लेकिन अस्पताल में कोई नहीं मिला है। इस संबंध में बढ़नी पीएचसी डॉ. अविनाश चौधरी ने बताया कि अस्पताल एक यूनानी विभाग में बर्डपुर क्षेत्र में रजिस्टर्ड है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की जांच में सेंटर पर एलोपैथ की दवाई मिली है, ऑपरेशन इत्यादि करने की जानकारी भी विभाग के लोगों को जांच के दौरान संज्ञान में आई है। मौके पर अस्पताल पर कोई नहीं मिला। कई कमियां मिली है, जांच की प्रकिया पूरी होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी