दांत में इंजेक्शन लगाने के बाद महिला की मौत, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप
सिद्धार्थनगर। शहर के एक निजी डेंटल क्लीनिक में सोमवार शाम तीन बजे दांत का इलाज कराने गई महिला को डॉक्टर ने सुन्न करने का इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और करीब एक घंटा बाद उसने दम तोड़ दिया। परिजन ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए सदर थाने में तहरीर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखा गया है।
शहर के भीमापार निवासी चंद्रकांत सिंह राजपूत का कहना है कि उनकी बहन प्रियंका सिंह के साथ उनकी मां जगपाती देवी (59) शहर के एक निजी डेंटल क्लीनिक में दांत का इलाज कराने गई थीं। आरोप है कि डॉक्टर ने बिना कोई पूछताछ किए दांत के पास इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। डॉक्टर ने प्रियंका से कहा कि वह चिंता न करें, तबीयत ठीक हो जाएगी। प्रियंका ने मरीज को जिला अस्पताल भेजने के लिए कॉल करने की कोशिश की तो डॉक्टर रोक दिया। जब ज्यादा तबीयत बिगड़ गई तो परिजनों को जानकारी मिली। वे शाम चार बजे महिला को शहर के निजी अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टर ने रेफर कर दिया। फिर परिवार के लोग पीड़ित को लेकर संयुक्त जिला अस्पताल गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
आरोप है कि आरोपित डॉक्टर नेशनल हेल्थ मिशन के अंतर्गत संयुक्त जिला चिकित्सालय में संविदा पर तैनात हैं। इस मामले में संयुक्त जिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. नीना वर्मा ने बताया कि इंजेक्शन के रिएक्शन के कारण मौत हो सकती है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मरीज की मौत का कारण पता चलेगा। इस मामले में आरोपित डॉक्टर से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। वहीं एएसपी सुरेश चंद्र रावत ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।