बांसी के रतन सेन इंटर कालेज परिसर में प्रदर्शन करते एंबुलेंस कर्मचारी।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
एंबुलेंस के पहिए रुके, कर्मियों ने किया प्रदर्शन
बांसी। 108 और 102 नंबर वाली एंबुलेंस के कर्मचारियों ने अपनी मांग के समर्थन में हड़ताल शुरू कर दी है। सोमवार को जिले की 56 एंबुलेंस को रतनसेन इंटर कॉलेज परिसर में खड़ी करके उन्होंने प्रदर्शन किया। उन्होंने समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की। कहा कि मांगे पूरी नहीं होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।
एंबुलेंस कर्मियों के संगठन के जिलाध्यक्ष अमर गुप्ता ने कहा कि उनकी मांग है कि कर्मियों की नौकरी सुरक्षित की जाए। 108 102 नंबर के एलएस कर्मचारियों को एनआरएचएम में शामिल कर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के एंबुलेंस कर्मियों के टेंडर आरपीएफ में बदलाव किया जाए। इसके अलावा अन्य मांगें भी हैं।
इस मांग को पूरा किए जाने के लिए सभी कर्मी 23 जुलाई से जिला अस्पताल पर धरने पर थे। मगर मांग को पूरा न होता देख 25 जुलाई की रात 12 बजे के बाद से पूरे जिले की 65 में से 56 एंबुलेंस राजा रतन सेन इंटर कॉलेज पर खड़ी कर सेवाएं ठप कर दी हैं। नौ एंबुलेंस खराब हैं, जो बनने के लिए गई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मांग पूरी होने तक सेवाएं ठप रहेंगी और धरना जारी रहेगा। धरने में कांग्रेस पार्टी के नेता डॉ. रमेश चौधरी ने मौके पर पहुंचकर समर्थन दिया।