घर बैठे मिलेगी मतदाता सूची व चुनाव संबंधी जानकारी
निर्वाचन आयोग ने लांच किया वोटर हेल्पलाइन एप
डुमरियागंज(सिद्धार्थनगर)। अब घर बैठे मतदाता सूची के साथ चुनाव से संबंधित हर जानकारी लोग हासिल सकेंगे। मतदाताओं को जानकारी उपलब्ध कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने वोटर हेल्पलाइन एप लांच किया है। अधिकारियों ने इस एप को मतदाताओं के मोबाइल फोन तक पहुंचाने की कवायद तेज कर दी है।
यह जानकारी देते हुए एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि इसके लिए सभी बीएलओ को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि वोटर हेल्पलाइन एप के जरिए नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने, उसमें संशोधन, अपमार्जन, एक ही विधानसभा के किसी अन्य भाग में स्थानांतरण, एक विधानसभा से दूसरी विधानसभा में स्थानांतरण, चुनाव प्रक्रिया में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को जानने और चुनाव के नतीजे जानने की सुविधा मिलेगी।
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से वोटर हेल्पलाइन एप डिजाइन किया गया है। यह एप मतदाताओं के लिए काफी उपयोगी है। इसके जरिए मतदाता कई तरह की सुविधाएं और जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।