सड़क तो कहीं अन्य विकास कार्यों के लिए वोट का बहिष्कार किया, कहीं तीन तो कहीं पांच घंटे बाद माने और किया मतदान
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। विकास और तरक्की के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करके एक मजबूत जनप्रतिनिधि और सरकार चुनते हैं। लेकिन मतदाता अगर विकास कार्यों की मांग के लिए मतदान न करने पर विवश हो जाए तो कहीं न कहीं जनप्रतिनिधि ने कसर छोड़ी है। इस बात को बल तीन अलग- अलग स्थानों पर मतदाताओं की ओर से चुनाव का बहिष्कार किया गया। इससे कहीं दो तो कहीं तीन और पांच घंटे तक मतदान कार्य ठप था। मतदाताओं को मनाने में अफसरों को पसीना छूट गया। शर्त पूरी करने की बात पर मतदाता माने और फिर मतदान शुरू हुआ। कहें तो मतदान की राह में विकास रोडा बनने का कार्य किया। लोगों को कहना है कि अगर विकास होता तो बहिष्कार करने की नौबत न आती। एक रिपोर्ट यहां इतने घंटे चला मतदान का बहिष्कार।
-
सड़क न होने से नाराज ग्रामीणों ने किया बहिष्कार
तुलसियापुर। ढेकहरी खुर्द में सड़क न बनने से नाराज ग्रामीणों ने सुबह सात बजे मतदान का बहिष्कार कर दिया। मौके पर आए एसडीएम कर्मेंन्द्र कुमार व सीओ अरुणकांत सिंह ने ग्रामीणों से मतदान की अपील की। काफी मान मनौवल के बाद लगभग तीन घंटे बाद 10 बजे से मतदान शुरू हुआ। इस संबंध में एसडीएम कर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि हमारे संज्ञान में जब सड़क का मामला आया तो हमने सड़क पर राबिश गिरवाकर चलने लायक करवा दिया है। सड़क निर्माण प्रक्रिया चुनाव आचार संहिता समाप्त होने के बाद ही शुरू होगी।
-
सड़क के लिए किया बहिष्कार
भारतभारी। डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 159 व 160 पोखरा काजी में सड़क की जर्जर हालत के चलते ग्रामीणों ने बहिष्कार किया। जो साढ़े तीन घंटे रहा। सुबह सात से 10:30 बजे तक चुनाव प्रभावित था। एसडीएम डॉ. संजीव दीक्षित प्रयास के बाद 10:30 बजे पर पोखरा काजी में मतदान शुरू हुआ।
-
छह घंटे तक रुका रहा मतदान का कार्य
बांसी। गोल्हौरा गांव में हुई अगलगी की घटना में प्रशासन की उपेक्षा, खराब सड़क व बाढ़ की समस्या से नाराज तहसील क्षेत्र के जाल्हेखोर गांव के ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया था। छह घंटा बाद एसडीएम न्यायिक के काफी समझाने व आश्वासन के बाद मतदान शुरू हुआ। मतदान का बहिष्कार की सूचना पर मौके पर सपा प्रत्याशी भीष्म शंकर उर्फ कुशल तिवारी, पूर्व विधायक व सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव व भाजपा प्रत्याशी व सांसद जगदंबिका पाल की पुत्री पूजा पाल भी पहुंच गये थे।