बिस्कोहर क्षेत्र के लाठी-डंडे से लैस होकर घरों की पहरेदारी करते ग्रामीण। स्रोत विज्ञप्ति
बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोग भयभीत हैं। अपने घरों की सुरक्षा खुद संभालने पर मजबूर हो गए हैं।
बीते 20 दिन में दर्जन भर से अधिक चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों को ऐसा कदम उठाने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों का कहना है कि उनके घरों में जीवनभर की कमाई के कुछ सोने-चांदी के आभूषण ही सुरक्षित रहते हैं। यदि चोर उन पर हाथ डाल दें तो उनका जीवन संकट में पड़ जाएगा। इसी वजह से अब रात में वे लाठी-डंडा लेकर घरों की पहरेदारी कर रहे हैं।
जनपद में चोरी की घटनाओं के बाद सोशल मीडिया में अफवाहों का बाजार भी गर्म हो गया है। ग्रामीण अपने रिश्तेदारों को सचेत कर रहे हैं कि रात में अजनबी व्यक्तियों को देखकर वे आक्रामक हो जाते हैं और बिना सोचे-समझे उनकी मारपीट भी कर सकते हैं। इस वजह से गांव में फेरीवाला, कबाड़ी और यहां तक कि सब्जी बेचने वाले भी ग्रामीणों की शक की निगाहों में आ रहे हैं। त्रिलोकपुर थाना व बिस्कोहर चौकी पुलिस का कहना है कि वे नियमित गश्त कर रहे हैं, लेकिन ग्रामीणों का भरोसा अब केवल अपनी खुद की सुरक्षा पर है।
ग्रामीणों का यह कदम दिखाता है कि सुरक्षा का संकट किस हद तक बढ़ चुका है और अब आमजन को अपने घरों व परिवारों की सुरक्षा के लिए खुद जागरूक होना पड़ रहा है। संवाद