ढेबरूआ। एसएसबी की आसूचना शाखा बढ़नी और सीमा चौकी बढ़नी की टीम ने सोमवार को दो युवकों को 9.23 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों को आवश्यक कार्रवाई के बाद ढेबरुआ पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
सूचना के आधार पर समवाय प्रभारी सहायक कमांडेंट दीपक चंद के निर्देशन में विशेष नाका पार्टी गठित की गई। बढ़नी रेलवे स्टेशन के पिछले गेट से गोला बाजार जाने वाले मार्ग पर दो संदिग्ध युवकों को आते देखा। टीम को देखकर दोनों युवक घबरा गए और भागने का प्रयास करने लगे, जिसके बाद घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपने पास स्मैक होने की बात स्वीकार की। उनकी पहचान अमीर और मुकेश कश्यप के रूप में हुई है।
राजपत्रित अधिकारी सहायक कमांडेंट दीपक चंद की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर अमीर के कब्जे से 3.59 ग्राम और मुकेश के कब्जे से 5.64 ग्राम संदिग्ध स्मैक बरामद हुई। दोनों पैकेटों का कुल वजन 9.23 ग्राम पाया गया।
एसएसबी टीम ने बरामद पदार्थ को सील कर दोनों युवकों को हिरासत में लिया और आवश्यक कार्रवाई के बाद बरामद माल व आरोपियों को थाना ढेबरुआ पुलिस के सुपुर्द कर दिया। कार्रवाई के दौरान विशेष नाका पार्टी में उप निरीक्षक चूड़ामणि, सहायक उप निरीक्षक देवाशीष राय, मुख्य आरक्षी प्रवीण दिनकर पाटिल, आरक्षी विक्रम सिंह और आरक्षी ताराचंद शामिल रहे।ा