दो नेपालियों किशोरियों को मानव तस्कर से छुड़ाया
सिद्धार्थनगर। एसएसबी 43वीं वाहिनी की सीमा चौकी खुनुवां के जवानों ने मंगलवार को चेकिंग के दौरान मानव तस्करी के आरोपित को पकड़ा। उसके साथ दो नेपाली किशोरियां थीं। पूछताछ के बाद उन्हें नेपाल पुलिस को सौंप दिया गया। बताया गया कि रोजगार का झांसा देकर दोनों किशोरियों को वह ले जा रहा था।
एसएसबी 43वीं वाहिनी सीमा चौकी के जवान गश्त पर थे। इसी दौरान दो नेपाली किशोरियां सीमा पर पार करती दिखी। संदेह होने पर पूछताछ की गई तो पता चला कि एक व्यक्ति उन्हें अच्छी नौकरी का झांसा देकर ले जा रहा है। पूछताछ में उस व्यक्ति ने स्वीकार किया वह दोनों को दिल्ली में रोजगार दिलाने का झांसा देकर ले जा रहा था।
पूछताछ करने के बाद सभी को नेपाल पुलिस को सौंप दिया। इस संबंध में एसएसबी के उप कमांडेंट मनोज कुमार ने कहा कि वर्तमान में मानव तस्करी के मामलों पर सशस्त्र सीमा बल की ओर से पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी गरीब परिवार के बच्चों और लड़कियों को मानव तस्करी में संलिप्त व्यक्ति, नौकरी, शादी व प्यार का झांसा देकर तथा बहला-फुसला कर शोषण न कर सके।