संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिले में संचालित राजकीय व निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 12 मई से प्रारंभ हो गए हैं। इस बार कोर्स बढ़ने से युवाओं को मौका मिलेगा, जिले में संचालित चार आईटीआई में पांच जून तक आवेदन करके प्रवेश लिया जा सकता है। अभ्यर्थी आईटीआई पोर्टल पर भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
राजकीय प्रौद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के विद्यार्थी इस सत्र से सामान्य व्यावसायिक कोर्स के साथ ही ड्रोन पायलट, सोलर, पैनल रोबोटिक्स सहित करीब 20 नए कोर्स में प्रवेश ले सकेंगे। इनमें दो वर्षीय व्यावसायिक अध्ययन के साथ एक वर्षीय प्रशिक्षण कोर्स करने की भी सुविधा मिलेगी। कोर्स के जरिये कंपनी की मांग के आधार पर प्रशिक्षित किया जाएगा।
इनमें कॉस्मोटोलॉजी, कंप्यूटर एप्लीकेशन, ड्राफ्टमैन व सोलर पैनल, एआई, ड्रोन तकनीक सहित अन्य कोर्स शामिल हैं। हालांकि, इन कोर्सों में छह महीने और एक साल का विशेष प्रशिक्षण कोर्स भी शामिल है।
राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद के अनुसार, आईटीआई के विभिन्न व्यवसाय में एक वर्षीय प्रशिक्षण प्रदान करने की व्यवस्था है। इसी के तहत प्रशिक्षण महानिदेशालय के मानक पर एनसीवीटी व एससीवीटी के प्रशिक्षण संस्थानों में कंपनी की मांग के आधार पर नए कोर्स शुरू हो रहे हैं। एनसीवीटी के मानक पर एक वर्षीय कोर्स में फिजियोथेरेपी टेक्नीशियन, कंप्यूटर हार्डवेयर एंड नेटवर्क मेंटेनेंस, इंटीरियर डिजाइनिंग एंड डेकोरेशन के कोर्स शामिल हैं। इसके आलवा, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर, कंप्यूटर एडेड इंब्राईनिंग, कॉस्मेटोलॉजी के कोर्स में प्रवेश होंगे। इसी तरह टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से इंड्रस्ट्रियल रोबोटिक्स एंड डिजिटल मेन्युफैक्चरिंग, थ्री डी पेंटिंग व अन्य कोर्स में प्रवेश की सुविधा मिलेगी।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान डुमरियागंज के नोडल प्रधानाचार्य सत्यदेव दूबे ने बताया कि प्रवेश के लिए आवेदन भरना शुरू हो गया है। नए कोर्स में प्रवेश लेकर युवा आसानी से रोजगार प्राप्त कर पाएंगे।