भारत बंद के आह्वान से दूर रहेंगे व्यापारी : सुगंध
डुमरियागंज। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने किसान संगठनों के 27 सितंबर सोमवार के भारत बंद में शामिल न होने और बंद के आह्वान को वामपंथी साजिश बताते हुए व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह खोलने का निर्णय लिया है। जिलाध्यक्ष सुगंध अग्रहरि ने इस निर्णय की घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कारण वैसे ही व्यापार की स्थिति खराब है। छोटे-बड़े, मध्यम व्यापारी मुश्किलों से अपने कर्मचारियों को वेतन दे पा रहा है। पिछले एक साल से देश में कुछ जगहों पर चल रहे धरना-प्रदर्शन ने व्यापार को और बुरी तरह प्रभावित किया है। इससे ट्रांसपोर्ट भाड़ा बढ़ गया है। किसान संगठनों को धरना खत्म करके सरकार से बात करनी चाहिए, न कि आम जनता को संकट में डालना चाहिए।
उन्होंने कहा कि 27 सितंबर के भारत बंद में व्यापारी शामिल नहीं होंगे और आम दिनों की तरह बाजार खोला जाएगा। सुगंध ने कहा कि वामपंथी दल किसानों के नाम पर देश का विकास रोकने वाली राजनीति कर रहे हैं। इस लिए व्यापारी बंद के पुरजोर विरोध में हैं और बाजार पहले की तरह खोला जाएगा।