चौथे चरण के मतदान के बाद बुधवार देर रात चेतियां गांव में दो प्रत्याशियों के समर्थक भिड़ गए। विवाद के बाद समर्थकों ने जमकर बवाल मचाया। लाठी-डंडे चले, पथराव भी हुआ।
इस बीच शरारती तत्वों ने कस्बे की दुकानों में भी तोड़फोड़ की। मारपीट में आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से 11 लोगों को हिरासत में लिया है। कस्बे में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। ऐहतियात के तौर पर फोर्स लगा दी गई।
बांसी विकासखंड के चेतियां गांव में बुधवार को मतदान था। इसमें राकेश गुप्ता और मुंसरिफ प्रधान पद के प्रत्याशी हैं। सुबह से प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच तनातनी की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस बल की मुस्तैदी से मतदान तक तो सब कुछ शांत रहा।
मतदान कराकर पुलिस बल के जाते ही दोनों प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने हो गए। रात नौ बजे दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठियां चलीं। पथराव किया गया। संघर्ष के दौरान उत्पातियों ने आसपास की दुकानों में घुसकर तोड़फोड़ की। इससे सद्दाद के बक्से, मुन्नू के खाद, पप्पू की मिठाई, राजेंद्र अग्रहरि के आभूषण की दुकान को निशाना बनाया गया। दुकानदारों के मुताबिक तोड़फोड़ के साथ दुकानों में लूटपाट भी हुई है।
सनाउल्लाह, राजेंद्र अग्रहरि, भुवाल पटवा, जयहिंद चौरसिया, संतराम आदि ने घरों पर पथराव की बात भी बताई। बवाल में अजय तिवारी, लवकुश, भवानी, जवाहर, बाबू राम, सद्दाक के सिर पर गंभीर चोट आई। कई अन्य भी जख्मी हुए। इस मामले में पुलिस ने निवर्तमान प्रधान मुंसरिफ की तहरीर पर राकेश गुप्ता, अखिलेश, दुर्गेश, चुन्नू सहित 25 के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है।
दूसरे पक्ष से राकेश गुप्ता के भाई दुर्गेश के प्रार्थना पत्र पर मुंसरिफ सहित 19 नामजद लोगों के खिलाफ लूटपाट का मुकदमा पंजीकृत किया है। मिश्रौलिया थाना प्रभारी रामचन्द्र यादव ने बताया कि दोनों पक्षों से मिली तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। 11 लोग हिरासत में लिए गए हैं। अन्य की तलाश जारी है। ऐहतियात के तौर पर गांव में पुलिस फोर्स तैनात की गई है। हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।