तीन किलो चांदी बरामद, एक गिरफ्तार
बर्डपुर। मोहाना पुलिस ने मंगलवार भोर में सीमा क्षेत्र के दूल्हा तिराहे से एक संदिग्ध को पकड़ा। उसके कब्जे से 3.068 किलोग्राम चांदी बरामद की गई। बरामद आभूषण के संबंध में कोई कागजात न होने पर पुलिस ने उसे जब्त करके आरोपित पर केस दर्ज कर उसका चालान कर दिया। ऐसा पहली बार हुआ, जब पुलिस ने कस्टम को केस देने के बजाए खुद थाने में एफआईआर दर्ज की है। इससे पहले पकड़ने के बाद आरोपित और बरामद सामान को कस्टम को सुपुर्द किया जाता था।
एसओ मोहना जयप्रकाश दुबे ने बताया कि मंगलवार को चौकी प्रभारी ककरहवा इशाशुं श्रीवास्तव के साथ सीमा क्षेत्र के दूल्हा तिराहा के पास एक संदिग्ध दिखा। पुलिस टीम को आता हुआ देखकर वह भागने लगा। संदेह होने के बाद जवानों ने घेराबंदी करके उसे दबोच लिया।
तलाशी में उसके कब्जे से 3.068 किलोग्राम चांदी बरामद की गई। पूछताछ में बरामद चांदी के संबंध में कोई वैध कागजात वह नहीं दिखा सका। उसने अपनी पहचान गोरख प्रसाद निवासी रामनगर थाना उसका बाजार बताया है। बरामद माल को जब्त करने के साथ ही केस दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया। वहीं एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि सीमावर्ती थानों में आभूषण सहित अन्य सामान बरामद होने के बाद केस दर्ज करने के साथ पुलिस उचित कार्रवाई करेगी।