भवानीगंज। क्षेत्र के नगर पंचायत बढ़नी चाफा के सिगिंहवा पश्चिमी और सिगिंहवा पूर्वी गांव में सोमवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए दरवाजे का लॉक तोड़कर जेवरात व नकदी चोरी कर ली।
जानकारी के अनुसार सिगिंहवा पश्चिमी निवासी जंग बहादुर पुत्र मयाराम वर्मा के घर चोर बरामदे के रास्ते अंदर कमरे में पहुंच गए और दरवाजे पर लगा ताला तोड़कर कमरे में रखे सामान को खंगाल दिया। बताया जा रहा है कि कुछ माह पूर्व घर में शादी हुई थी और उसका सामान इसी कमरे में रखा हुआ था। चोरों ने गोदरेज अलमारी में रखी पायल, अंगूठी लेकर भाग गए। जंग बहादुर वर्मा ने बताया कि परिवार के सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे।
इसी तरह सिगिंहवा पूर्वी में हद्दीस पुत्र सुवराती के घर भी चोरों ने खिड़की में लगे दरवाजे को तोड़कर चेारी किया। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि फिलहाल मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। संवाद