शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के महला चौराहे पर बुधवार रात चोरों ने एक आभूषण की दुकान को निशाना बनाया। दुकान में लगे चैनल व शटर के लॉक को तोड़कर दुकान के अंदर घुसे और लाखों के चांदी व सोने के आभूषण उठा ले गए। बृहस्पतिवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार को जानकारी हुई तो उसने पुलिस को सूचना दिया। मौके पर एसओ और खुनुवा चौकी प्रभारी पहुंचे और मामले की छानबीन की। दुकान में हुई चोरी से लोगों में दहशत है और वह पुलिस की गश्त को सुस्त बताते हुए सवाल उठा रहे हैं।
क्षेत्र के महला गांव निवासी संजय वर्मा के मुताबिक महला चौराहे पर उनकी ज्वैलर्स की दुकान है। सोने व चांदी के आभूषण का व्यापार करते है। रोज की तरह बृहस्पतिवार को शाम तक दुकान बंद कर घर चला गया था।
सुबह लगभग साढ़े नौ बजे दुकान खोलने लिए दुकान पर पहुंचे तो देखा कि दुकान का चैनल का ताला टूटा हुआ है। चैनल के बाद लगे शटर का लॉक भी टूटा हुआ है। दुकान के अंदर घुसा तो देखा अंदर रखे 15 क्विंटल का लॉकर तिजोरी गायब है। उसी में नौ किलो के चांदी व चार सोने के आभूषण रखे हुए थे।
सीसीटीवी के कैमरे टूटे हुए हैं और सारा सामान बिखरा पड़ा है। पीड़ित ने घटना की सूचना देने के साथ ही लिखित तहरीर देकर सोने और चांदी का आभूषण चोरी होने की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। इस संबध थानाध्यक्ष राजकुमार पांडेय ने बताया कि चोरी की घटना में पीडि़ता ने तहरीर दी है। इस वारदात का खुलासा करने के लिए टीम जांच में जुट गई है। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।