रात में आईसीयू में हुआ डॉक्टरों के बीच बवाल, पहुंची पुलिस
जिला अस्पताल के डॉक्टर व मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टर के बीच हुई नोकझोंक
सिद्धार्थनगर। संयुक्त जिला चिकित्सालय में शनिवार की देर रात दो डॉक्टरों के बीच विवाद हो गया। एक पक्ष से कई लोग पहुंच गए तो दूसरे पक्ष ने पुलिस की मदद ली। बताया जा रहा है कि आईसीयू में इलाज के मामले में दो डॉक्टर आपस में भिड़ गए। इस कारण आईसीयू में भर्ती बच्चों के परिजन भी परेशान नजर आए।
माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध संयुक्त जिला चिकित्सालय की आईसीयू में जिला अस्पताल के एक डॉक्टर और मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर के बीच विवाद हो गया। इलाज के नियम शर्तों को लेकर दोनों डॉक्टरों में कहासुनी होने के कुछ देर बाद एक डॉक्टर की ओर से कई लोग पहुंच गए। मारपीट की आशंका के मद्देनजर पुलिस बुलाने के बाद मामला शांत हुई। इस मामले में दोनों डॉक्टरों ने प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव से शिकायत की है।
दलाल के हस्तक्षेप का आरोप
एक डॉक्टर ने आरोप लगाया कि अस्पताल में डॉक्टर के साथ कुछ दलाल सक्रिय नजर आए, इस कारण विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई, जबकि दूसरे का कहना है कि आईसीयू में इलाज के मामले में सवाल-जवाब के दौरान डॉक्टर ने दुर्व्यवहार किया, उसके बाद विवाद बढ़ा। संयुक्त जिला अस्पताल को मेडिकल कॉलेज से संबद्ध होने के बाद मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल के डॉक्टर एक ही अस्पताल में ड्यूटी कर रहे हैं।
संयुक्त जिला अस्पताल में रात में दो डॉक्टरों के बीच विवाद हुआ। दोनों डॉक्टरों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए शिकायत की है। इस मामले में जांच समिति गठित की जाएगी। समिति की रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. सलिल श्रीवास्तव, प्राचार्य