एक ही रात तीन घरों से लाखों की चोरी
परसा। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के गड़रखा गांव के टोला मोहनकोली में सोमवार की रात चोरों ने तांडव मचाया। तीन घरों के ताला तोकड़कर लाखों का सामान उठा ले गए। घटना की जानकारी सुबह हुई तो लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। वहीं, एक ही रात तीन घरों में हुई चोरी की वारदात से लोगों में दहशत है।
क्षेत्र के गड़रखा गांव के टोला मोहनकोली टोला में सोमवार की रात चोरों ने तीन घरों में घुसकर लाखों के जेवर व नकदी उठा ले गए। टोले के रामनिवास मौर्य के मुताबिक, छत के रास्ते से घुसकर चोरों ने डेढ़ लाख रुपये के आभूषण व 35 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया। बक्सा घर के पीछे बरामद हुआ। इसके अलावा रामनिवास के घर से कुछ ही दूरी पर स्थित सुमिरिती देवी के घर में बाहर रखी लकड़ी की सीढ़ी से छत के रास्ते घर में घुसकर चोर दो हजार रुपये व लगभग 20 हजार रुपये के आभूषण उठा ले गए। गांव के ही सुमिरिती के पड़ोसी हनुमान यादव के घर में घुसकर तीन हजार रुपये व लगभग 15 हजार रुपये के आभूषण भी उठा ले गए। हनुमान के पिता दुखीराम गांव के चौकीदार भी हैं। पीड़ित रामनिवास ने बताया कि सोमवार की रात टोले में स्थित मंदिर पर कीर्तन के बाद लगभग 12:30 बजे वह अपने घर आए। चोरी उसके बाद ही किया गया है। एक ही टोले में तीन घरों में चोरी की घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत है। पीड़ितों ने ढेबरुआ थाने व डायल-112 पर फोन कर घटना की सूचना दी। ढेबरुआ के एसएसआई सभाशंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस गांव में पहुंची और जांच की। इस संबंध में एसएचओ ढेबरुआ ब्रह्मा गौड़ ने कहा कि चोरी की सूचना है। शीघ्र ही घटनाओं का पर्दाफाश किया जाएगा।