मोबाइल फोन की दुकान का शटर तोड़कर की चोरी
परसा। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के सिसवा चौराहे पर स्थित मोबाइल फोन की दुकान में चोरी हो गई है। चोरों ने सरिया से शटर को उठाकर अंदर से नकदी, मोबाइल फोन सहित लाखों का सामान उड़ा लिया। मामले की जानकारी दुकानदार को सुबह तब हुई, जब वह दुकान खोलने के लिए पहुंचा।
क्षेत्र के सिसवा गांव निवासी विष्णु गिरी की गांव के ही चौराहे पर मोबाइल फोन की दुकान है। विष्णु के मुताबिक, रविवार को वह दुकान बंद करके घर चले गए थे। सुबह वह दुकान पर पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। उनकी दुकान में रखे 14 हजार रुपये, बड़ी संख्या में नया और पुराना मोबाइल फोन, चोर उठा ले गए थे। दुकान में लगे सीसी कैमरे में चोरों की हरकत रिकार्ड हो गई है। दुकानदार ने शोहरतगढ़ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में एसएचओ शोहरतगढ़ वेदप्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि सीसी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। शीघ्र ही चोरी की घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
लगातार बढ़ रही चोरी की वारदात, पुलिस बेखबर
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात लगातार बढ़ रही है। डेढ़ माह के बाद कई चोरियां हो चुकी हैं, मगर पुलिस बेखबर है। बढ़ती हुई चोरी की वारदात, शोहरतगढ़ पुलिस की गश्त पर सवाल खड़ा कर रही है। वहीं, क्षेत्र में लगातार बढ़ती चोरी की वारदात से लोग सहमे हैं।