दुकान के शटर का ताला तोड़कर चोरी
पकड़ी बाजार। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के धनगढ़िया रेहरवा चौराहे पर स्थित हार्डवेयर की दुकान के शटर का ताला तोड़कर चोरी होने का मामला सामने आया है।
पकड़ी चौराहा निवासी संजय जायसवाल की धनगढ़िया रेहरवा चौराहे पर हार्डवेयर की दुकान है। वह बुधवार की शाम को अपनी दुकान बंद करके घर चले गए। बृहस्पतिवार सुबह वह जब दुकान पहुंचे तो देखा शटर का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। संजय जायसवाल ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस पहुंची और मामले की छानबीन की। दुकानदार ने बताया कि दुकान से पानी के पांच मोटर, छत के पांच पंखे सहित कई सामान और 10 हजार रुपये चोरी हुए हैं। उनके बगल स्थित बुढनईया निवासी रामदास विश्वकर्मा की लकड़ी की दुकान से 25 पीस पटरा सहित कुछ सामान की चोरी हुई है।
बगल में ही लखन की पान की गुमटी का भी ताला तोड़कर चोरी की गई थी। एसओ शोहरतगढ़ जयप्रकाश दुबे का कहना है कि सूचना मिलने के बाद से पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।