सिद्धार्थनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से कराई गई बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन जिले के तीन केंद्रों पर शुरू कर दिया गया है। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कॉपी जांची जा रही है। तमाम निर्देशों के बाद भी बड़ी संख्या में परीक्षकों की अनुपस्थिति के कारण काम की रफ्तार काफी धीमी है।
जिले में कुल 3,38,848 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए प्राप्त हुई हैं, जिनमें से रविवार को 39,253 कॉपियों का ही मूल्यांकन हो सका। सबसे बड़ी समस्या परीक्षकों की अनुपस्थिति रही, जहां कुल 943 परीक्षक ड्यूटी से नदारद पाए गए। अब तक 1,19,072 कॉपियां जांची जा चुकी हैं, इनमें हाईस्कूल की 84,059 और इंटरमीडिएट की 35,013 उत्तर पुस्तिकाएं शामिल हैं। डीआईओएस कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक शिवपति इंटर कॉलेज, शोहरतगढ़ में हाईस्कूल की 1,10,983 कॉपियों के सापेक्ष रविवार को 14,338 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की जा सकी। यहां तैनात 582 परीक्षकों में से 320 अनुपस्थित रहे, जिससे कार्य प्रभावित हुआ।
वहीं, तिलक इंटर कॉलेज में 1,07,454 कॉपियों में से केवल 13,124 कॉपियां ही जांची गईं। इस केंद्र पर 581 में से 305 परीक्षक अनुपस्थित पाए गए।
शिवपति इंटर कॉलेज में स्टेटिक मजिस्ट्रेट दयाशंकर यादव, उप नियंत्रक विक्रम यादव, सह उप नियंत्रक रामविलास यादव, प्रमोद पाल, प्रमोद कुमार यादव, राम प्रताप सिंह, रामानंद चौधरी की देखरेख में मूल्यांकन कार्य संपन्न हुआ।
इसी तरह रतनसेन इंटर कॉलेज, बांसी में इंटरमीडिएट की 1,20,411 कॉपियों के सापेक्ष 11,791 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया, जबकि यहां 568 में से 318 परीक्षक अनुपस्थित रहे। पहले ही दिन इतनी बड़ी संख्या में परीक्षकों की गैरहाजिरी ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।