बिस्कोहर। नगर के बीआईसीटी कैंपस में बुधवार को छात्राओं के लिए आत्मरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान ताइक्वांडो विशेषज्ञों ने छात्राओं को चेन स्नेचिंग, बैग छीनने और राह चलती अन्य अप्रिय घटनाओं से बचाव के व्यावहारिक गुर सिखाए।
ताइक्वांडो प्रशिक्षक अमन द्विवेदी ने छात्राओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि छात्राएं देर रात अकेले बाहर निकलने से बचें। यदि किसी आपात स्थिति में जाना भी पड़े, तो अपने पास मौजूद दैनिक उपयोग की वस्तुओं जैसे हेयर पिन, पेन, कंघी और पर्स को ही अपना हथियार बनाएं। वक्त आने पर इनसे हमलावर को आसानी से पस्त किया जा सकता है। सहायक प्रशिक्षक अभिनाश ने छात्राओं को डेमो देकर समझाया कि किसी भी हमले के वक्त या बचाव करते समय पूरी ताकत से तेज आवाज निकालनी चाहिए। इससे खुद का आत्मविश्वास बढ़ता है, दुश्मन पर वार तेज होता है और आसपास के लोग भी मदद के लिए जुट सकते हैं। ्र
प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को पंच, किक, डिफेंस, ब्लॉक, नेक चॉप और कोहनी अटैक की बारीकियों का लाइव अभ्यास कराया गया। संस्थान के निदेशक आकाश मिश्र ने कहा कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा का यह प्रशिक्षण छात्राओं के स्वावलंबन और सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। छात्राओं को यह सीख अपने परिवार और समाज की अन्य बेटियों तक भी पहुंचानी चाहिए, तभी इसका उद्देश्य पूरा होगा। इस अवसर पर आकाश मिश्र , एसके पांडेय, आनंद त्रिपाठी, शिवा पांडेय, ऋषभ श्रीवास्तव, मोहम्मद इस्लाम, दुर्गेश, वीरेंद्र, अनामिका मोदनवाल, गरिमा, वंशिका आदि मौजूद रहे।