त्रिशूली-3 ‘बी’ हाइड्रोपावर परियोजना में कार्यरत बागलुंग नगरपालिका-9, तित्यांग निवासी राजेश शर्मा पौडेल (33), उनकी पत्नी प्रमिला पाठक (31), चार वर्षीय बेटे आदित्य और दो वर्षीय बेटी अदिति बाढ़ के बाद से लापता हैं।
परिजन ने चारों के वापस मिलने की उम्मीद में 16 दिन तक इंतजार किया। कोई सुराग नहीं मिलने के बाद बृहस्पतिवार को कुश के पुतलों को शव मानकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की गई। राजेश परिवार का इकलौता बेटा था। चारों के लापता होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार त्रिशूली-3 ‘बी’ परियोजना में कार्यरत बागलुंग जिले के कई अन्य लोग भी अब तक लापता हैं। तमनखोला ग्रामीण नगरपालिका के नौ, ढोरपाटन नगरपालिका के दो, गलकोट नगरपालिका के एक और बागलुंग नगरपालिका के चार लोग अभी तक लापता बताए जा रहे हैं। पुलिस और अन्य एजेंसियां लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं।