- शिवपति महाविद्यालय में लाइव प्रसारण, क्रिकेट खिलाड़ी मानस श्रीनेत राजपूत ने साझा किए अनुभव
शोहरतगढ़। शिवपति स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वामी विवेकानंद इकाई और रानी लक्ष्मीबाई इकाई के संयुक्त तत्वावधान में बृहस्पतिवार को खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया। मेरा युवा भारत की ओर से आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरविंद कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष उमा अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि शोहरतगढ़ के होनहार क्रिकेट खिलाड़ी मानस श्रीनेत राजपूत ने किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण सुना।
प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान छात्रों ने खेलों के महत्व और युवाओं की भूमिका से जुड़े विचारों को सुना। खेलों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के संदेश से छात्र-छात्राओं ने प्रेरणा ली।
प्राचार्य प्रो. अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही जरूरी नहीं हैं बल्कि मानसिक संतुलन और अनुशासन का भी आधार हैं। नियमित खेल गतिविधियों से युवाओं में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारने के साथ राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।
खेलो इंडिया संवाद के तहत शोहरतगढ़ के होनहार क्रिकेट खिलाड़ी मानस श्रीनेत राजपूत का मीडिया साथियों ने साक्षात्कार किया। उन्होंने मंच पर खेल के महत्व, खिलाड़ियों के सामने आने वाली चुनौतियों और सरकार की ओर से खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाओं से जुड़े अनुभवों को बेबाकी से साझा किया।
कार्यक्रम में खेलों को आपसी सहयोग, सामूहिकता और राष्ट्र निर्माण का माध्यम बताते हुए युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान गाया गया।
इस दौरान एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह, डॉ. राम किशोर सिंह, मीडिया प्रभारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, प्रो. मुकेश कुमार, मुस्तन शेरुल्लाह, प्रो. अमित सिंह, डॉ. प्रवीण कुमार सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।