ढेबरुआ। भारत-नेपाल सीमा पर बढ़नी बॉर्डर पर असम की युवती को नेपाल ले जाते नेपाल के युवक को मानव तस्करी की आशंका में 50वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने दबोच लिया। उसे हिरासत में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवक और युवती की पहचान करीब एक वर्ष पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी।
एसएसबी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मंगलवार को 50वीं वाहिनी की ‘सी’ कंपनी, बढ़नी के जवान नियमित सीमा गश्त और निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान भारत-नेपाल सीमा की ओर जा रहे एक युवक और युवती को रोककर पूछताछ की गई। युवती असम के उदालगुड़ी जिले की निवासी है जबकि युवक की पहचान राकेश चमार (22) निवासी ग्राम भिलमी, पोस्ट कुशहवा, थाना कर्मा, जिला कपिलवस्तु (नेपाल) के रूप में हुई।
पूछताछ में दोनों के बयानों में असंगति मिलने और युवती को नेपाल ले जाने के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर एसओपी के तहत संबंधित एजेंसियों और एनजीओ को सूचना दी गई। संयुक्त पूछताछ और सत्यापन के बाद युवती की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
जांच में सामने आया कि युवक युवती को नेपाल ले जा रहा था। परिस्थितियों को देखते हुए मानव तस्करी की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता था।