सिद्धार्थनगर। सावन की शुरुआत के साथ ही जिले के बाजार हरियाली के रंग में रंगने लगे हैं। महिलाओं के शृंगार और परिधानों से जुड़े प्रतिष्ठानों पर खरीदारों की आवाजाही बढ़ गई है। हरी चूड़ियां, साड़ियां, सूट, मेहंदी, बिंदी, सिंदूर, पायल और कृत्रिम आभूषणों की बिक्री में तेजी आई है।
व्यापारियों का कहना है कि सावन के पहले ही दिन बाजार का माहौल बदल गया है और आने वाले सोमवार, हरियाली तीज व रक्षाबंधन तक कारोबार और बढ़ने की उम्मीद है।
जिला मुख्यालय के मुख्य बाजारों के अलावा बांसी, नौगढ़, शोहरतगढ़, इटवा और डुमरियागंज के बाजारों में भी महिलाओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है। सावन में सुहाग और हरियाली का विशेष महत्व होने के कारण अधिकांश महिलाएं हरे रंग के कपड़े और शृंगार का सामान खरीद रही हैं। दुकानदारों ने भी मांग को देखते हुए हरे रंग की साड़ियों, सूट, कांच की चूड़ियों, फैशन ज्वेलरी और कॉस्मेटिक उत्पादों का अतिरिक्त स्टॉक पहले ही मंगा लिया था।
कॉस्मेटिक और चूड़ी कारोबारियों के अनुसार सामान्य दिनों की तुलना में सावन में हरी चूड़ियों और मेहंदी की मांग सबसे अधिक रहती है। कई महिलाओं ने पहले सोमवार की पूजा और व्रत को ध्यान में रखते हुए खरीदारी की। मेहंदी लगाने वाली महिलाओं के पास भी तीज और सावन के सोमवार के लिए बुकिंग शुरू हो गई है। ब्यूटी पार्लरों में भी महिलाओं की संख्या बढ़ने लगी है। कपड़ा कारोबारियों का कहना है कि बरसात के कारण पिछले कुछ सप्ताह बाजार की रफ्तार धीमी थी लेकिन ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। महिलाएं खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं।