भनवापुर क्षेत्र के बेतनार मुस्तहकम गांव के पास कटान करती राप्ती नदी का बढ़ते जलस्तर के बाद रूका
- फोटो : संवाद
भनवापुर। क्षेत्र से होकर जाने वाली राप्ती पिछले एक सप्ताह से बेतनार मुस्तहकम गांव के पास कटान कर रही थी, जिससे लोग सहमे हुए थे। शनिवार को राप्ती का जलस्तर बढ़ने से कटान रुक गई है। इससे सिंचाई विभाग के साथ ही क्षेत्र के लोगों ने फिलहाल राहत की सांस ली है।
पानी का दबाव शाहपुर भोजपुर बांध पर होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन अब भी बांध को सुरक्षित करने में जुटा हुआ है।
क्षेत्र के सर्फुद्दीन, वहीद, फरीद, अजय ओझा, मोहन, राम बचन, प्रमोद कुमार, अभय, पवन, रमेश ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से राप्ती नदी के कटान से काफी चिंता थी। इस कटान से जहां खेती की जमीन, बिजली निगम के टावर व शाहपुर भोजपुर बांध पर खतरा मंडराता दिख रहा था, वहीं शनिवार को सुबह राप्ती का जलस्तर बढ़ने के बाद कटान पूरी तरह रुक गई है। राप्ती के बढ़ते जलस्तर के बाद अब बांध पर बाढ़ के दबाव की संभावनाओं के कारण अभी भी सिंचाई विभाग के जिम्मेदार कैंप कर बांध को सुरक्षित रखने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। फिलहाल अभी बाढ़ का पानी बांध तक नहीं पहुंचा है।
इस संबंध में सिंचाई विभाग के जेई मिथलेश लाल दास ने बताया कि नदी का पानी बढ़ने के साथ ही कटान पूरी तरह रुक गई है। पानी के दबाव से बांध को सुरक्षित रखने के लिए तैयारी की जा रही है।