खेसरहा क्षेत्र के एसके पब्लिक पीजी कॉलेज पेंडारी में अमर उजाला की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला
- फोटो : संवाद
खेसरहा। छात्राओं को सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की जरूरत है। कभी भी छोटी बड़ी घटना को लेकर आप घबराएं नहीं बल्कि निसंकोच होकर पुलिस से कहें, थोड़ी देर में पुलिस वहां मौजूद मिलेगी।
यह बातें शनिवार को अमर उजाला की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला में मुख्य अतिथि सीओ बांसी मयंक द्विवेदी ने कही।
क्षेत्र के एसके पब्लिक पीजी कॉलेज पेड़ारी की छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम के प्रति सचेत रहे। कहा कि स्मार्टफोन लें पर उससे सतर्क रहें। जरा सी लापरवाही आपके सामने बड़ा संकट खड़ी कर सकती है। इस दौरान छात्राओं ने खूब सवाल पूछे, जिसका सीओ ने जवाब दिया। आयोजन में 225 छात्राएं उपस्थित रहीं।
सीओ ने छात्राओं से कहा कि वे अपराध को छुपाएं नहीं बल्कि अपने परिजनों और पुलिस को खुल कर बताएं ताकि उन्हें सबक मिल सके। महिलाओं के सुरक्षा के लिए 112, 1090 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है, जिस पर कभी भी फोन कर सकती हैं।
सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से चैटिंग न करें। मौजूदा समय में इससे संबंधित अनेक घटनाएं देखने को मिल रही है। इस वजह से सतर्कता बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि कोई भी आपको जरा सा परेशान करता है तो आप एंटी रोमियो स्क्वॉयड से शिकायत कर सकती हैं। थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा ने कहा कि महिला सुरक्षा के साथ साथ यातायात नियमों की जानकारी जरूरी है। छात्राएं अपने को खुद व घर के परिजनों को बीना हेलमेट पहने बाइक न चलाने दें।