- सीमा से सटे नेपाल के कपिलवस्तु जिले में पुलिस ने हवाई फायरिंग कर दो संदिग्धों को मादक पदार्थ के साथ पकड़ा
खुनुवां। भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के कपिलवस्तु जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रविवार देर शाम दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 28 ग्राम 820 मिलीग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। दोनों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम को दो राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
पुलिस के अनुसार, बानगंगा नगरपालिका-3 स्थित एक दुकान पर इलाका प्रहरी कार्यालय पिपरा के पुलिस निरीक्षक कालिका कार्की और मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो, भैरहवा की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को देखकर दो युवक भागने लगे। उन्हें रोकने के लिए पुलिस टीम ने दो राउंड हवाई फायरिंग की और दोनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कपिलवस्तु नगरपालिका-11 निवासी सलाउद्दीन मुसलमान और बानगंगा नगरपालिका-6 निवासी उमेश थारू के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान भारतीय नंबर प्लेट लगी बाइक की सीट के नीचे छिपाकर रखा गया 28 ग्राम 820 मिलीग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ।
पुलिस उपाधीक्षक रिपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बाइक की सीट के नीचे छिपाकर रखे गए मादक पदार्थ को बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, पुलिस अधीक्षक मनोहर भट्ट ने बताया कि पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने पर हवाई फायरिंग की गई, जिसके बाद दोनों को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से ब्राउन शुगर बरामद हुई।