राज्य स्तरीय तैराकी डाइविंग और वॉटर पोलो प्रतियोगिता में अक्षय करेगा प्रतिभाग
डुमरियागंज। स्पोर्ट्स फॉर स्कूल प्रोग्राम के तहत डॉ. भीमराव आंबेडकर राज्य विद्यालीय क्रीड़ा संस्थान अयोध्या में जनपद व मंडलीय विद्यालयीय तैराकी डाइविंग व वॉटर पोलो प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें अंडर 14 वर्ष आयु वर्ग (बालक) में पूर्व माध्यमिक विद्यालय जखौली डुमरियागंज के कक्षा सात के छात्र अक्षय ने तैराकी प्रतियोगिता के ब्रेस्ट स्ट्रोक में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल किया।
इस जीत के बाद 18, 19 और 20 अगस्त को केडी सिंह बाबू स्टेडियम लखनऊ में होने वाले 69वें राज्य स्तरीय तैराकी, डाइविंग व वॉटर पोलो प्रतियोगिता में अक्षय अपने शिक्षक अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में प्रतिभाग करेगा। अक्षय की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डीएम डॉ. राजा गणपति आर, सीडीओ बलराम सिंह, उप-शिक्षा निदेशक एवं डायट प्राचार्य उमेश त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी आशुतोष अग्निहोत्री आदि ने बधाई दी है।