- बढ़नी ब्लाॅक के औदही कला में स्थित नेहरू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एसएसबी 50वीं वाहिनी की ओर से आयोजित हुआ कार्यक्रम
तुलसियापुर। बढ़नी ब्लाॅक के औदही कला में स्थित नेहरू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एसएसबी 50वीं वाहिनी के सौजन्य से नागरिक कल्याण कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को हुआ। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को सेना में भर्ती पूर्व प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ सेना नायक संजय कुमार ने किया। कैंप में एसएसबी के ट्रेनर प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षित करेंगे।
सेना नायक ने कहा कि सिद्धार्थनगर व बलरामपुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों के 400 नवयुवकों, नवयुवतियों को भर्ती पूर्व प्रशिक्षण के लिए चयनित किया गया है। यह प्रशिक्षु हाईस्कूल उत्तीर्ण और 18 से 23 वर्ष आयु वर्ग के हैं। यह ट्रेनिंग एक माह चलेगी। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण तीन जगहों सिद्धार्थनगर के औदही कला और बलरामपुर के पचपेड़वा व विशुनपुर विश्राम में प्रशिक्षण केन्द्र बनाए गए हैं, जिसमें शारीरिक प्रशिक्षण दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सीमाक्षेत्र का युवावर्ग बेरोजगार न रहे और अपनी शक्ति को देश सेवा में लगाएं। युवा वर्ग सामाजिक बुराइयों से दूर रहें। सामाजिक कार्यों में लगें, इसका प्रयास एसएसबी का है।
इस दौरान बढ़नी चेयरमैन सुनील अग्रहरि, जीएवी इंटर काॅलेज के प्रधानाचार्य विजय वर्मा, एसबीआईसी के प्रधानाचार्य उदय प्रकाश मौर्य, उप कमांडेंट सौरभ कुमार, सहायक कमांडेंट यादव भूषण भरत लाल, प्रधान प्रतिनिधि महेश यादव आदि मौजूद रहे।