शोहरतगढ़। बिना त्रुटि के मतगणना प्रपत्र को समय से पूर्व भरकर जमा करने पर एसडीएम विवेकानंद मिश्रा ने बीएलओ विनोद कुमार यादव को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत महादेव खुर्द के बूथ संख्या 16 में बीएलओ शिक्षामित्र विनोद कुमार यादव ने दिन रात मेहनत कर समय से पूर्व अपने बूथ के 428 मतगणना प्रपत्र को भरकर एसडीएम को सौंप दिया।
एसडीएम विवेकानंद मिश्र ने बीएलओ की ओर से भरे जा रहे मतगणना प्रपत्र की हकीकत जानने के लिए बूथ क्षेत्रों का भ्रमण कर निरीक्षण किया। मतदाताओं से फाॅर्म भरने की जानकारी ली। उन्होंने सभी बीएलओ और उनके सहायकों को निर्देश देते हुए कहा कि मतगणना प्रपत्र भरने में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतें। पूरी मेहनत और लगन से अपने बूथ के सभी मतदाताओं के एसआईआर फाॅर्म बिना त्रुटि के अविलंब जमा कर दें। कहा कि चार दिसंबर से पहले सभी प्रपत्र को भरकर ऑनलाइन अपलोड किया जाना है। उन्होंने कहा कि जो भी बीएलओ उत्कृष्ट कार्य करेगा, उसे प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान नायब तहसीलदार महबूब अंसारी, राजस्व निरीक्षक विनोद कुमार मद्धेशिया मौजूद रहे।