रंगोली प्रतियोगिता और संगोष्ठी में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
शोहरतगढ़। शिवपति स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत रंगोली प्रतियोगिता और संगोष्ठी आयोजित की गई। रंगोली प्रतियोगिता में बीएससी की छात्रा रीना प्रजापति के नेतृत्व वाली टीम ने प्रथम और बीए की छात्रा ममता यादव के नेतृत्व वाली टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्राचार्य प्रो. अरविंद कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही भाषण, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि एआरटीओ संजय सिंह ने ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया, सीट बेल्ट के महत्व और तेज गति से वाहन चलाने के खतरों की जानकारी दी। प्राचार्य ने विद्यार्थियों से हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। ट्रैफिक कांस्टेबल रिंकेश त्रिपाठी और समर बहादुर सिंह ने भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान डॉ. धर्मेंद्र सिंह, डॉ. राम किशोर सिंह, प्रो. मुकेश कुमार, डॉ. उमा शंकर प्रसाद यादव, डॉ. प्रवीण कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।