- जिले के तीन ग्रामीण रूट पर शुरू हुआ संचालन, 10 हजार से अधिक यात्रियों को मिलेगी सहूलियत
- चेतिया, बिस्कोहर, बढ़नी चाफा मार्ग पर किया गया संचालन
सिद्धार्थनगर। चेतिया, बिस्कोहर, बढ़नी चाफा मार्ग पर आने-जाने वाले यात्री अब किराये से 20 प्रतिशत कम रकम देकर यात्रा कर सकेंगे। लोगों को सहूलियत देने के लिए अब लोकल मार्गों पर कम किराए वाली जनता बस का संचालन शुरू कर दिया गया है। शुरुआत तीन रूटों से की गई है। सबकुछ ठीक रहा तो अन्य रूटों पर भी जल्द ही संचालन शुरू किया जाएगा।
जिले के चेतिया, बिस्कोहर व बढ़नी चाफा मार्ग पर जनता बस का संचालन शुरू कर दिया गया है। इन बसों पर साधारण बसों के निर्धारित किराए से 20 प्रतिशत कम दर पर यात्रियों को टिकट मिल जाएगा। परिवहन निगम ने ग्रामीण क्षेत्रों में जनता बस सेवा शुरू करने की कार्ययोजना बनाई थी। इसके जरिये यात्रियों को कम किराए में यातायात सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी की गई। इसके लिए मुख्यालय ने सिद्धार्थनगर जिले के ऐसे रूट मांगे थे, जहां यात्रियों की संख्या तो ज्यादा है, लेकिन रोडवेज की बसें या तो नहीं चल रहीं या बहुत कम चल रही हैं।
इस निर्देश के बाद रोडवेज निगम ने जिले के कई ऐसे मार्गों का चयन किया, जहां बसों की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। नई सेवा शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बेहतर होगी, यात्रियों का खर्च कम होगा और लोकल यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी। प्रशासन को उम्मीद है कि बसों के संचालन से लोकल परिवहन व्यवस्था में काफी सुधार होगा। इस क्रम में रोडवेज एआरएम ने पिछले दिनों से बसों का संचालन तीन रूटों पर शुरू कर दिया जबकि अन्य ऐसी रूटाें का तलाश करके जल्द ही संचालन करने की योजना बनाई जा रही है।
वर्जन
मुख्यालय को रूट चार्ट तैयार कर भेजा गया था। इसमें से तीनों पर रूटों पर बस संचालन की संस्तुति भी मिली थी। उसके बाद से चेतिया, बिस्कोहर, बढ़नी चाफा मार्ग पर संचालन शुरू किया गया है, आगे अन्य रूटों पर भी संचालन किया जाएगा।
- विजय कुमार गंगवार, एआरएम