- वरिष्ठ नागरिकों की समस्याएं सुनीं, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
सिद्धार्थनगर। जिले में कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट (सीपीयू) अभियान के तहत सोमवार को विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने गांव-गांव चौपाल और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और युवाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। साथ ही साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा, यातायात नियम, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन में उसका बाजार, जोगिया उदयपुर, गोल्हौरा, मोहाना, कपिलवस्तु और शोहरतगढ़ थाना क्षेत्रों के गांवों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। उसका बाजार थाना क्षेत्र के पकड़ी, जोगिया उदयपुर के हरैया, गोल्हौरा के रमवापुरकली व किसुंधरपुर, मोहाना के मधुबनी, कपिलवस्तु के भरवालिया और शोहरतगढ़ के मलगवा गांव में पुलिस टीमों ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया।
पुलिस अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों का हालचाल जाना और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति, बाल अपराधों की रोकथाम और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया। साथ ही 112, 1930 समेत अन्य हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई।