औराताल। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में बुधवार शाम से लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। औराताल, कैथवलिया, परानपुर, बिलवट, संगवार, भालूकोनी, कुड़ी, बघमरा, बनगाई और सुकरौली समेत आसपास के गांवों में बारिश से खेतों में पानी भर गया। इससे धान की फसल को पर्याप्त नमी मिल गई है।
किसानों के अनुसार, पिछले करीब 10 दिनों से बारिश नहीं होने के कारण धान की फसल प्रभावित होने लगी थी। कई खेतों में फसल पीली पड़ रही थी। डीजल महंगा होने के कारण ट्यूबवेल से सिंचाई करना भी किसानों के लिए मुश्किल हो रहा था। ऐसे में हुई बारिश से किसानों ने राहत की सांस ली है। औराताल गांव के किसान बलराम, रामप्रकाश और बेटाऊ ने बताया कि इस समय धान की फसल में कल्ले निकलने के साथ बालियां आनी शुरू हो गई हैं। ऐसे समय हुई बारिश से फसल को काफी फायदा हुआ है। किसानों का कहना है कि समय पर हुई यह बारिश धान की पैदावार के लिए लाभकारी साबित होगी।