सिद्धार्थनगर। धार्मिक और पर्यटक स्थलों को घूमने के लिए एक टिकट काफी होगा। इसके लिए परिवहन निगम टूरिस्ट पास की शुरुआत करने जा रहा है। इसके जरिये यात्री उप्र रोडवेज की किसी भी बस पर बैठकर यात्रा कर पाएंगे।
इसके लिए यात्रियों को डिपो से घूमने वाले स्थानों की जानकारी देनी होगी, जिसके बाद निर्धारित समय और किराया के आधार पर पास बनाया जाएगा।
यह पास रोडवेज बसों के माध्यम से उपलब्ध होगा, जिससे यात्रा करना और भी आसान हो जाएगा। टूरिस्ट पास के माध्यम से यात्री प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों जैसे कि अयोध्या, वाराणसी, मथुरा और वृंदावन के साथ प्रयागराज, विंध्याचल सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे। इतना ही नहीं ताजमहल, बड़ा इमामबाड़ा, सारनाथ और फतेहपुर सीकरी जैसे ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण करने का मौका मिलेगा।
इस पास के माध्यम से यात्री प्रदेश के विभिन्न स्थलों तक आसानी से पहुंच सकते हैं और बिना किसी परेशानी के भ्रमण का आनंद ले पाएंगे। कई बार यात्रियों को निजी और प्राइवेट वाहन बुक करने पर किराया अधिक देना पड़ता है, जिससे उन्हें यात्रा करने में असुविधा होती है, लेकिन अब रोडवेज बस से यात्रा करने के लिए उन्हें पास की ही जरूरत है। इससे भ्रमण करने के लिए टूरिस्टों को एक साथ कई लोगों की आवश्यकता नहीं होगी।।